रायपुर में आयोजित समारोह में प्रदेश के 160 शिक्षकों का हुआ सम्मान, गणित व्याख्याता ने बढ़ाया जिले का मान
रायपुर,30 अप्रैल 2026। राजधानी रायपुर में शिक्षा जगत का एक गौरवशाली आयोजन संपन्न हुआ, जहां “राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक रत्न सम्मान 2025-26” से प्रदेश भर के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित समारोह में कोरबा जिले की वरिष्ठ गणित व्याख्याता श्रीमती सीमा स्वर्णकार ने अपनी नवाचारी कार्यशैली के दम पर विशेष पहचान बनाते हुए जिले का मान बढ़ाया।
यह आयोजन नवरी गतिविधियां समूह भारत की छत्तीसगढ़ टीम द्वारा ऐतिहासिक स्वामी आत्मानंद प्रोफेसर जे.एन. पांडे शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 160 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
श्रीमती सीमा स्वर्णकार को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में नवाचारी प्रयासों के लिए “राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक रत्न सम्मान 2025-26” से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इस सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ राज्य से 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार एवं क्रॉस इंटरव्यू के बाद ही अंतिम सूची तैयार की गई, जिसमें जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को स्थान दिया गया।
सम्मान समारोह उप संचालक समग्र शिक्षा रायपुर ए.के. शाश्वत, माध्यमिक शिक्षा मंडल के उप सचिव डॉ. बी. रघु तथा जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर हिमांशु की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
