कोरबा, 04 अप्रैल (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के South Eastern Coalfields Limited के गेवरा परियोजना क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत गंभीर रूप लेती जा रही है। बुधवारी बाजार स्थित गैस कोऑपरेटिव सोसाइटी में गैस की कमी के कारण कर्मचारियों और स्थानीय उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गैस सिलेंडर की सीमित उपलब्धता के चलते प्रतिदिन सैकड़ों हितग्राही लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोग गैस कार्यालय के लगातार चक्कर काटने को मजबूर हैं, जिससे उनकी दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
इस संकट का सीधा असर आम जनजीवन पर देखने को मिल रहा है। घरों में रसोई व्यवस्था प्रभावित हो गई है और चूल्हे ठप पड़ने की स्थिति बन रही है। विशेष रूप से कर्मचारियों और उनके परिवारों को दैनिक भोजन बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस आपूर्ति में आई इस कमी से वे काफी परेशान हैं और समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से घरेलू कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि गैस की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके।
