कोरबा, 29 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और लापरवाही से वाहन चलाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। टीपी नगर चौक स्थित ट्रैफिक सिग्नल और एडवर्टाइजिंग पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रेलर चालक को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में नगर निगम की सार्वजनिक संपत्ति को करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित राजस्थानी होटल के सामने ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 7284 का चालक तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रैफिक सिग्नल पोल से टकरा गया। इस टक्कर में ट्रैफिक सिग्नल लाइट, विज्ञापन बोर्ड, काउंटडाउन टाइमर और निगम का सीसीटीवी कैमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस मामले में राघव एडवरटाइजिंग कंपनी में कार्यरत दिनेश कुमार आदित्य ने चौकी सीएसईबी में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर और चौकी सीएसईबी की टीम ने आरोपी चालक रामलाल अगरिया (24 वर्ष), निवासी ग्राम परला खतौउहा पारा थाना बांगो, को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को 29 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत की गई, जिसके अंतर्गत जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और सार्वजनिक संपत्ति को होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
