CGBSE Result 2026: 10वीं में 3 छात्रों ने किया टॉप, 12वीं में जिज्ञासु वर्मा बने टॉपर, जानें पूरा रिजल्ट और टॉपर्स लिस्ट – vedantsamachar.in

CGBSE Result 2026: 10वीं में 3 छात्रों ने किया टॉप, 12वीं में जिज्ञासु वर्मा बने टॉपर, जानें पूरा रिजल्ट और टॉपर्स लिस्ट

रायपुर, 29 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में रिजल्ट जारी किया। इसके साथ ही बोर्ड ने टॉपर्स की सूची भी सार्वजनिक की है।

इस वर्ष 10वीं परीक्षा में तीन छात्रों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। संध्या नायक, परीरानी प्रधान और अंशुल शर्मा ने 99.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया है। तीनों छात्रों का प्रदर्शन प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं 12वीं परीक्षा में बलौदाबाजार जिले के सरस्वती शिशु मंदिर, पलारी के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 493 अंक (98.69 प्रतिशत) हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिज्ञासु वर्मा की इस उपलब्धि से उनके स्कूल और जिले में खुशी का माहौल है। दूसरे स्थान पर बेमेतरा जिले की ओमनी वर्मा रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर कृष महंत ने जगह बनाई।

रिजल्ट आंकड़ों की बात करें तो इस बार 10वीं का कुल परिणाम 77.15 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत अधिक है। लड़कों का पास प्रतिशत 72 फीसदी जबकि लड़कियों का 81 फीसदी रहा, जिससे एक बार फिर बालिकाओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं 12वीं का कुल परिणाम 83.04 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसमें लड़कों का पास प्रतिशत 78.8 और लड़कियों का 86.4 प्रतिशत रहा।

छात्र अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट्स cg.results.nic.in, cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर रोल नंबर दर्ज कर देख सकते हैं। इसके अलावा डिजिलॉकर पोर्टल के माध्यम से भी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

राज्य सरकार ने टॉपर्स को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा ऐलान करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को डेढ़ लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष कुल 5.66 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें 10वीं के 3,20,535 और 12वीं के 2,45,785 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

प्रदेश में इस बार बेहतर परिणाम और छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का संकेत दिया है।