रायगढ़, 29 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” का बड़ा असर देखने को मिला है। लंबे समय से फरार कुख्यात गौवंश तस्कर रब्बुल खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दबाव और लगातार कार्रवाई के चलते आरोपी सरेंडर की स्थिति में आ गया था, जिसके बाद लैलूंगा पुलिस ने उसे घरघोड़ा बस स्टैंड के पास से दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, 39 वर्षीय रब्बुल खान निवासी करवाजोर (लैलूंगा) गौ तस्करी के संगठित नेटवर्क में सक्रिय था। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में एक और 2026 में दो मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
मामले की शुरुआत 17 फरवरी 2026 को हुई थी, जब लैलूंगा पुलिस ने झगरपुर मार्ग पर घेराबंदी कर रब्बुल के साथी देवानंद यादव को 16 गौवंश के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान रब्बुल खान की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद से वह फरार हो गया था। पुलिस की लगातार पतासाजी और “ऑपरेशन शंखनाद” के प्रभाव के चलते आरोपी के सभी ठिकाने खत्म हो गए और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने पहले ही देवानंद यादव के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि परिरक्षण अधिनियम 1960 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की थी। अब इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड माने जा रहे रब्बुल खान की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पूछताछ में आरोपी ने गौ तस्करी छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की इच्छा भी जताई है, जिसे पुलिस इस अभियान की बड़ी उपलब्धि मान रही है। यह अभियान न सिर्फ अपराधियों पर शिकंजा कस रहा है, बल्कि उन्हें अपराध छोड़ने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि “ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करों के लिए अब केवल दो ही रास्ते हैं—सरेंडर या कानून की गिरफ्त। जो अपराध छोड़ना चाहते हैं, उन्हें मौका दिया जाएगा, लेकिन अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।”
इस कार्रवाई के बाद रायगढ़ जिले में गौ तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश गया है और पुलिस का अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है।
Keywords: Raigarh News, Operation Shankhnaad, Cow Smuggling Case, Rabbool Khan Arrested, Chhattisgarh Police Action, Lailunga Police, Gau Taskari News, SSP Shashi Mohan Singh, Breaking News Raigarh
