तपती धूप में भी जिम्मेदारी सर्वोपरि: कलेक्टर ने बीच राह रुककर परखी सड़कों की गुणवत्ता – vedantsamachar.in

तपती धूप में भी जिम्मेदारी सर्वोपरि: कलेक्टर ने बीच राह रुककर परखी सड़कों की गुणवत्ता

कोरबा, 28 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में पदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत निरंतर मैदानी स्तर पर पहुंचकर विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित कर रहे हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही वे ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर शासन की योजनाओं का जमीनी आकलन कर रहे हैं।


इसी क्रम में हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पाली ब्लॉक के माखनपुर से जुनापारा तक निर्मित लगभग ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता को बारीकी से परखा और पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता सी एस तंवर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले भी वे देवपहरी से जामभाठा-सोनारी तक बनी सड़क का एक छोर से दूसरे छोर तक निरीक्षण कर चुके हैं।


इसके साथ ही कलेक्टर ने जेमरा से चैतुरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया और निर्माण कार्य में गुणवत्ता व गति बनाए रखने के निर्देश दिए।


तेज धूप के बावजूद कलेक्टर का बीच रास्ते में वाहन रोककर निरीक्षण करना उनके कार्य के प्रति समर्पण और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके इस सक्रिय और जिम्मेदार दृष्टिकोण से जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की उम्मीद की जा रही है।