जांजगीर-चांपा, 28 अप्रैल 2026। जिला पुलिस कार्यालय में जहर सेवन कर अपनी शिकायत पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाने की कोशिश करने वाले एक युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी झूठी शिकायतों के मामले में इस तरह की हरकत कर चुका है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू (23 वर्ष), निवासी मड़वा, जांजगीर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और जबरन एसपी कक्ष में घुसने का प्रयास करने लगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा रोके जाने पर उसने विवाद करते हुए धक्का-मुक्की की और अंदर प्रवेश करने की कोशिश की।
संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से कीटनाशक दवा का खुला पैकेट मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कीटनाशक का सेवन कर चुका है। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों—प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे—को सूचना दी गई। निर्देशानुसार आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कर उपचार कराया गया।
जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने कार्यालयीन समय में शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए जबरन प्रवेश का प्रयास किया और कीटनाशक सेवन कर अपनी शिकायत पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से आत्महत्या का प्रयास किया। मामले में थाना सिटी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 304/26 के तहत धारा 221, 232, 226 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह एवं तोरन डहरिया का विशेष योगदान रहा।
