रायगढ़, 28 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में पूंजीपथरा थाना पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से एटीएम से लाखों रुपये की संभावित चोरी की बड़ी वारदात होने से पहले ही टल गई। देर रात गश्त के दौरान पुलिस टीम ने गैस कटर के जरिए एटीएम मशीन को तोड़कर चोरी की कोशिश कर रहे आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा आर्थिक अपराध होने से बच गया।
घटना 28 अप्रैल की देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन में आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा ने मौके पर घेराबंदी कर एक व्यक्ति को एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त करते हुए पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) के रूप में की है, जो झारखंड के पलामू जिले का निवासी है और वर्तमान में गेरवानी क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया गैस कटर बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में नुकसान व कर्ज के चलते उसने एटीएम चोरी की योजना बनाई थी।
इस घटना में एटीएम मशीन को लगभग 3.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस साहसिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने थाना प्रभारी रामकिंकर यादव सहित पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित करने की घोषणा की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सतर्क पुलिसिंग के चलते एक बड़ी वारदात टल गई और रायगढ़ पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय मुस्तैद है।
