कोरबा, 28 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस अनुविभाग में होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच की गई। इस अभियान के दौरान पुलिस ने साफ संदेश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नितीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। कटघोरा, पाली और पासान थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ कई प्रतिष्ठानों की जांच कर सुरक्षा और नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने कटघोरा-अंबिकापुर रोड स्थित पंजाबी ढाबा, बिलासपुर रोड के गगन होटल और काके ढाबा सहित अन्य होटल और ढाबों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं भी अवैध शराब बिक्री या पिलाने जैसी गतिविधियां सामने नहीं आईं, लेकिन संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे भविष्य में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि होटल और लॉज संचालक बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए। थाना पासान क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग के दौरान संचालकों को लिखित नोटिस जारी कर नियमों के पालन के लिए चेतावनी दी गई।
गौरतलब है कि इससे पहले तानाखार क्षेत्र में स्थित कंचन ढाबा को नियमों के उल्लंघन के कारण सील किया जा चुका है, जिससे यह साफ हो गया है कि कोरबा पुलिस अवैध गतिविधियों को लेकर पूरी तरह सख्त है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे कटघोरा उप संभाग में होटल, लॉज और ढाबों की जांच लगातार जारी रहेगी। इस तरह के अभियान भविष्य में भी चलाए जाते रहेंगे, ताकि अपराधों पर नियंत्रण और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
कोरबा पुलिस ने आम जनता और व्यवसायियों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।
