जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड सैनिक को नौकरी दिलाने का झांसा देकर साढ़े 9 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। यह ठगी का शिकार हुए हैं लालमाटी सिद्धबाबा निवासी अशोक कुमार कुशवाहा, जिन्होंने रांझी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए रकम
रिटायर्ड सैनिक अशोक कुमार कुशवाहा ने बताया कि आरोपी जालसाज राजेश कुमार राजभर ने उनके परिचित की नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। राजेश ने दावा किया कि वह महू के मिलिट्री कॉलेज ऑफ कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में टेलीकम्युनिकेशन सिविल के पद पर नौकरी दिला सकता है। इसके लिए उसने अशोक से साढ़े 9 लाख रुपये अपने और अपनी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। रकम मिलने के बाद राजेश ने एक फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर थमा दिया। जब अशोक ने इसकी जांच की, तो पता चला कि लेटर पूरी तरह फर्जी था।
पहले भी सेना में भर्ती के नाम पर ठगी के मामलों में हो चुका है गिरफ्तार
यह मामला और भी गंभीर हो जाता है, क्योंकि आरोपी राजेश कुमार राजभर पहले भी सेना में भर्ती के नाम पर ठगी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। अशोक ने जब राजेश से रकम वापस मांगी, तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद अशोक ने रांझी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, राजेश के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं, और उसकी तलाश की जा रही है।



