नई दिल्ली,12 सितंबर । माता वैष्णो देवी यात्रा 14 सितंबर से फिर से शुरू होने जा रही है। खराब मौसम और ट्रैक पर आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
श्राइन बोर्ड ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक पर मरम्मत और रखरखाव के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि, यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी और ताजा एडवाइजरी जरूर देखें।
गौरतलब है कि 26 अगस्त को अर्धकुंवारी के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के निकट भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था, जिसमें 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इसके बाद यात्रा को रोक दिया गया था। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने श्राइन बोर्ड से जल्द स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी, क्योंकि 22 सितंबर से नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं।
भूस्खलन की घटना के कारणों की जांच के लिए उपराज्यपाल और श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने एक उच्चस्तरीय तीन सदस्यीय समिति गठित की है। यह समिति दो सप्ताह के भीतर उपराज्यपाल सिन्हा को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। फिर से शुरू होगी माता वैष्णो देवी यात्रा, तारीख आई सामने, दर्शन से पहले बस करना होगा ये काम



