Vedant Samachar

Accident News : बाइक को टक्कर मारकर पलटी बस बाप-बेटे की मौत कई घायल…

Vedant Samachar
2 Min Read

कानपुर,11 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में भीतरगांव क्षेत्र के साढ़-जहानाबाद मार्ग पर एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ। स्कूली बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की बस ने बाइक सवार पिता, पुत्र और पुत्री को कुचल दिया और फिर अनियंत्रित होकर पानी भरी खंती में पलट गई। इस भीषण हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग सिहर उठे। जानकारी के अनुसार, मिथिलेश सिंह शिवमंगल सिंह इंटर कॉलेज की बस 40 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। उसी दौरान पालपुर गांव निवासी सुरेश निगम (59) अपने बेटे राजू निगम (25) और बेटी के साथ बाइक से अस्पताल जा रहे थे।

बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर खंती में जा गिरी। हादसे में सुरेश और राजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और बस में सवार एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कर बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित निकाला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायल बेटी और छात्रा का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article