रायपुर ,27 अप्रैल (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में रविवार रात पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे जय साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी लाश कमरे में रस्सी से लटकी हुई मिली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जय पारिवारिक कारणों से परेशान थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे जय साहू (45) अपने परिवार के साथ मोवा स्थित आदर्श नगर इलाके में रहते हैं। रविवार रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि जय ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है।
पुलिस मौके पर पहुंची तो जय का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि जय साहू अक्सर तनाव में रहते थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जय साहू पिछले कुछ समय से पारिवारिक कारणों के चलते परेशान थे। बताया जा रहा है कि बीते दिनों उनकी पत्नी से भी विवाद हुआ था। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है। फिलहाल पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
जय साहू के पिता धनीराम साहू वर्ष 1977 में कसडोल से विधायक बने थे और अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री भी रह चुके हैं। क्षेत्र में उनका खासा राजनीतिक प्रभाव रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
