Vedant Samachar

एशिया कप हॉकी 2025: भारत ने कोरिया को हराकर जीता खिताब, वर्ल्ड कप के लिए सीधी एंट्री

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,08सितम्बर : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन किया। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात देकर आठ साल बाद एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने 2026 एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में सीधे क्वालिफाई भी कर लिया।

भारत की धमाकेदार शुरुआत
फाइनल की शुरुआत भारत के लिए सपनों जैसी रही। मैच के महज 30 सेकेंड बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह के सटीक पास पर सुखजीत सिंह ने टॉमहॉक शॉट से गोल दाग दिया। कोरियाई गोलकीपर जेहान किम गेंद को रोक भी नहीं पाए और भारत 1-0 से आगे निकल गया।

हाफ टाइम तक 2-0 की बढ़त
पहले क्वार्टर में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन जगराज सिंह का प्रयास गोलकीपर ने रोक लिया। इसके बाद खेल कुछ देर धीमा रहा, लेकिन 28वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में दबदबा कायम
हाफ टाइम के बाद भले ही भारत 10 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरा, क्योंकि संजय को ग्रीन कार्ड मिला था, लेकिन टीम का दबदबा बरकरार रहा। 45वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल किया और स्कोर 3-0 कर दिया। जल्द ही उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर हासिल कराया, जिसे अमित रोहिदास ने गोल में तब्दील कर दिया। भारत 4-0 से मजबूत स्थिति में पहुंच गया।

कोरिया का एकमात्र गोल
चौथे क्वार्टर में कोरिया ने वापसी की कोशिश की और पेनल्टी कॉर्नर से सोन डेन ने गोल किया। लेकिन यह गोल सिर्फ अंतर कम करने तक ही सीमित रहा। भारत ने अंतिम मिनटों तक मैच पर पकड़ बनाए रखी और 4-1 से जीत हासिल की।

भारत का चौथा एशिया कप खिताब
इस जीत के साथ भारत ने चौथी बार एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा किया। भारत ने इससे पहले 2003, 2007 और 2017 में यह खिताब जीता था। वहीं, दक्षिण कोरिया पांच बार एशिया कप चैंपियन रह चुका है।

Share This Article