RAIPUR : चाकू मारकर लूट करने वाले तीन आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, हथियार व बाइक जब्त… – vedantsamachar.in

RAIPUR : चाकू मारकर लूट करने वाले तीन आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, हथियार व बाइक जब्त…

रायपुर,25 अप्रैल (वेदांत समाचार)। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में चाकू मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, 21-22 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 1 बजे प्रार्थी शेख जहांगीर (56), निवासी मुड़ापारा, जगदलपुर (हाल मुकाम रावांभाठा, रायपुर) अपने ट्रक को मेटल पार्क में खड़ा कर सो रहा था। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए चाकू से उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने प्रार्थी के पैर, घुटने और हाथ की उंगली में वार कर घायल कर दिया तथा उसके पास रखे 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

मामले में खमतराई थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अमरदास (19), निवासी सतनाम चौक रावांभाठा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चाकू, मोटरसाइकिल और लूटी गई रकम बरामद कर ली। सभी आरोपियों को 24 अप्रैल को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में की गई। पुलिस द्वारा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।