प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 के पोस्टर का किया विमोचन, विद्यार्थियों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील - vedantsamachar.in

प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 के पोस्टर का किया विमोचन, विद्यार्थियों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील

खैरागढ़, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं वाणिज्य तथा आबकारी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने गुरुवार को खैरागढ़ में राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (एनएसपीसी) के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ ही जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 का आयोजन भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तत्वावधान में देशभर में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

प्रतियोगिता पांच श्रेणियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें कक्षा पहली से पांचवीं, कक्षा छठी से आठवीं, कक्षा नौवीं से बारहवीं, महाविद्यालय स्तर तथा स्वतंत्र (ओपन) श्रेणी शामिल हैं। यह प्रतियोगिता पूरी तरह ऑनलाइन एवं निःशुल्क है। प्रतिभागी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से इसमें शामिल हो सकते हैं तथा प्रतियोगिता पूर्ण करते ही उन्हें तत्काल ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की गई है।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेषर साहू, भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, नवनीत जैन, आयाश सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, राजेश मेहता, गोरेलाल वर्मा, महेंद्र वर्मा, रामा साहू, भावेश कोचर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।