खैरागढ़ में 27 अप्रैल को खुलेगी मण्डीप खोल गुफा, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, प्रशासन अलर्ट – vedantsamachar.in

खैरागढ़ में 27 अप्रैल को खुलेगी मण्डीप खोल गुफा, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, प्रशासन अलर्ट

खैरागढ़, 24 अप्रैल (वेदांत समाचार)। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई क्षेत्र के ठाकुरटोला जमीदारी में स्थित मण्डीप खोल गुफा एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनने जा रही है। साल में सिर्फ एक दिन खुलने वाली यह गुफा 27 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोली जाएगी। इसको लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस दिन यहां हजारों नहीं बल्कि लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मण्डीप खोल गुफा की विशेषता यह है कि यह केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि रहस्य और परंपरा से जुड़ा अनोखा स्थान भी है। मान्यता है कि यह गुफा अक्षय तृतीया के बाद आने वाले पहले सोमवार को ही खुलती है और इसी दिन यहां भगवान शिव के दुर्लभ दर्शन होते हैं। गुफा खुलने के बाद सबसे पहले ठाकुरटोला राजपरिवार द्वारा पूजा-अर्चना की जाती है, जिसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू किए जाते हैं।

घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित इस गुफा तक पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। यहां पहुंचने के लिए कठिन रास्तों से गुजरना पड़ता है और कई स्थानों पर नदी पार करनी होती है, जिससे यह यात्रा आस्था के साथ-साथ साहस और रोमांच का अनुभव भी कराती है। गुफा के भीतर मौजूद प्राकृतिक शिवलिंग, पवित्र कुंड और ‘श्वेत गंगा’ नाम की जलधारा इसे और भी विशेष बनाते हैं। यह जलधारा आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण जल स्रोत भी मानी जाती है। इसी कारण यह गुफा आस्था और प्रकृति के अनूठे संगम के रूप में जानी जाती है और हर साल छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

इधर, गुफा को लेकर वैज्ञानिकों ने चिंता भी जताई है। विशेषज्ञों के अनुसार मण्डीप खोल गुफा एक अत्यंत संवेदनशील प्राकृतिक तंत्र है, जहां का वातावरण हमेशा अंधकारमय, अत्यधिक नम और लगभग स्थिर रहता है। यहां रहने वाले जीव-जंतु इसी विशेष वातावरण के अनुरूप विकसित हुए हैं और उनका जीवन बाहरी सीमित जैविक पदार्थों पर निर्भर करता है। ऐसे में गुफा का पूरा इकोसिस्टम बेहद नाजुक संतुलन पर आधारित है।

गुफा विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक भीड़ से शोर, कंपन और प्रदूषण बढ़ता है, जिससे गुफा के अंदर के जीवों और चट्टानों को नुकसान पहुंच सकता है। गुफा वैज्ञानिक डॉ. जयंत बिस्वास ने बताया कि गुफाओं की सफाई पूरी तरह करना उचित नहीं होता, क्योंकि इससे वहां की प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला प्रभावित होती है। उन्होंने कोटुमसर गुफा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अंदर पूजा-पाठ बंद कराकर बाहर व्यवस्था की गई, जिससे गुफा का संरक्षण बेहतर तरीके से संभव हुआ।

इस बार प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। जिला पंचायत खैरागढ़ के सीईओ प्रेमकुमार पटेल के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ गुफा के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मण्डीप खोल गुफा आज आस्था, रोमांच और विज्ञान का अनूठा संगम बन चुकी है। 27 अप्रैल को यहां एक बार फिर आस्था का विशाल सैलाब उमड़ेगा, लेकिन इसके साथ यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि इस अमूल्य प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए परंपरा को कैसे बनाए रखा जाए।