कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर हाथियों की बढ़ती आवाजाही, निगरानी के लिए लगेंगे हाईटेक कैमरे – vedantsamachar.in

कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर हाथियों की बढ़ती आवाजाही, निगरानी के लिए लगेंगे हाईटेक कैमरे

कोरबा 23 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार) । राष्ट्रीय राजमार्ग कटघोरा–अंबिकापुर पर हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वन विभाग अब हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अक्सर हाथियों के अचानक सड़क पर आ जाने से यातायात बाधित होता है और राहगीरों के लिए खतरा भी पैदा हो जाता है। कई बार लोग समय रहते सतर्क नहीं हो पाते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस समस्या से निपटने के लिए वन मंडल कटघोरा ने प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार की है।जानकारी के अनुसार ग्राम कापा नवापारा, रोदे सहित पसान रेंज के मुख्य मार्गों पर कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए वन विभाग द्वारा स्थानों का चयन भी कर लिया गया है। इन कैमरों को ऊंचे टॉवर पर स्थापित किया जाएगा, जिससे दिन और रात दोनों समय लगभग 5 किलोमीटर तक की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। जैसे ही हाथियों का दल इन क्षेत्रों में प्रवेश करेगा, उसकी हर गतिविधि कैमरे में कैद हो जाएगी।वन विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से हाथियों की मूवमेंट की सटीक और समय पर जानकारी मिल सकेगी। इसके आधार पर न केवल विभागीय अमला पहले से सतर्क रहेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को भी समय रहते अलर्ट किया जा सकेगा। इससे मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।बताया जा रहा है कि कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में इस समय करीब 48 हाथियों का दल सक्रिय है। ये हाथी कभी केंदई रेंज, तो कभी पसान, जटगा और एतमानगर क्षेत्रों में विचरण करते रहते हैं। लगातार बदलती लोकेशन के कारण वन विभाग को निगरानी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार मैदानी अमले को देर रात तक जंगलों में रहकर हाथियों की निगरानी करनी पड़ती है, जिससे विभाग के अन्य कार्य भी प्रभावित होते हैं।नई तकनीक के जरिए अब वन विभाग कार्यालय में बैठकर ही हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख सकेगा। साथ ही समय रहते ग्रामीणों को सूचना देकर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा सकेगी।डीएफओ निशांत कुमार का कहना है, कटघोरा वन मंडल के डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि हाथियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी हो गया है। “हम प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहे हैं। इससे हाथियों की मूवमेंट पर रियल टाइम नजर रखी जा सकेगी। हमारा उद्देश्य है कि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो और ग्रामीणों को समय पर सतर्क किया जा सके। नई व्यवस्था से विभागीय अमले का कार्य भी आसान होगा और बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।