बांसवाड़ा,13 फ़रवरी 2025/ एक पटाखा गोदाम में गुरुवार दोपहर 2.15 बजे आग लग गई। हादसे के दौरान गोदाम में पति-पत्नी और 4 बच्चे थे। आग लगने के बाद गोदाम में 2 बडे़ ब्लास्ट हुए। एक घंटे तक रह-रहकर पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। आग बुझा रहे फायर ब्रिगेड के कर्मचारी एक बड़े ब्लास्ट के बाद बाहर भागे। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं इनमें 2 ज्यादा झुलसे हैं। सभी का एमजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
यह गोदाम बांसवाड़ा शहर से जयपुर रोड स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में है। आग लगते ही पटाखों में ब्लास्ट होने लगा। पटाखों के धमाके सुन आसपास से सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
सूचना पर पहुंचे कोतवाल देवीलाल मीणा ने उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दिन जेसीबी की मदद से गोदाम की दीवार तोड़ी गई। उसके बाद सीआई देवीलाल स्वयं अंदर पहुंचे और खुद ही फायर ब्रिगेड के पाइप से आग बुझाने में जुट गई। आग करीब करीब बुझने के कगार थी तभी अचानक एक बार फिर ब्लास्ट हुआ। इस दौरान सीआई सहित पूरा जाब्ता ब्लास्ट होते ही बाहर दौड़कर भगा। अब तक मिली जानकारी के अनुसार गोदाम में लेबर दंपती और 4 बच्चे थे। ये हादसे के दौरान तुरंत सुरक्षित निकल गए। फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं।
जिसे प्लाट अलॉट हुआ उसने रीको को बिना बताए पटाखा गोदाम के लिए किराए दिया
जानकारी के अनुसार रीको की ओर से यह प्लॉट अशोक अग्रवाल नाम के व्यापारी को अलॉट किया गया था। लेकिन अशोक ने रीको को सूचना दिए बिना पटाखा व्यापारी सोनू सिंधी को इसे किराए पर दे दिया। पुलिस की ओर से जानकारी देने के बावजूद प्लॉट मालिक या गोदाम मालिक मौके पर नहीं पहुंचे हैं।
एडीएम पहुंचे एमजी हॉस्पिटल, बोले- कार्रवाई करेंगे
एडीएम अभिषेक गोयल ने बताया- यहां किस तरह का व्यापार चल रहा था, किसके नाम प्लाट अलॉट था, क्या गतिविधि चल रही थी, इसकी जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। हादसे में 12 लोग झुलसे हैं, एक दो लोग ज्यादा झुलसे हैं। हालांकि हालत सभी की खतरे से बाहर है। गोदाम के आसपास के लोग धमाकों की आवाज सुन आसपास इकट्ठा हो गए। ये लोग चपेट में आकर झुलस गए थे। इन्हें एमजी हॉस्पिटल भर्ती कराया। एमजी हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी ली।
रीको पीपलवा इंडस्ट्रियल एरिया में यह प्लाट है। यहां आग की सूचना मिली थी। अब तक (दोपहर 3.56 बजे) लगभग आग पर काबू पा लिया गया है। दो फायर ब्रिगेड और लगी है। जल्द ही पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शी बोला- ताला लगा रहता है
एसएम इंडस्ट्रीज में काम करने वाले प्रत्यक्षदर्शी शाहि्द मंसूर ने बताया- हम गोदाम के बाहर खड़े थे। अचानक धमाकों की आवाज आई और धुआं उठा। हमने प्रशासन को इसकी सूचना दी। पुलिस और अग्निशमन की टीम अंदर आई। वे दीवार तोड़कर अंदर घुसे। हम भी उनके साथ थे। अंदर दो लेबर और कुछ बच्चे थे जिन्हें बाहर निकाला। इसके बाद पूरे गोदाम को चेक किया कि कहीं कोई और तो नहीं है। सभी को मौके से हटाया।
गोदाम पर अक्सर ताला ही लगा रहता है। हमें जानकारी नहीं है कि यहां क्या काम होता है। हाल ही ऊंची दीवारें भी बनाई गई हैं। बाहर से अंदर नहीं देख सकते। इंडस्ट्रियल एरिया से सभी लोग शाम 5 बजे चले जाते हैं। गेट की जगह टीनशेड लगा रखे हैं जिनके आरपार नहीं दिखता।