सीतामढ़ी,09 फरवरी 2025: सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के बाजीतपुर गांव की एक वृद्ध महिला का शव लखनदेई नदी से बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतका पिछले 5 फरवरी से लापता थी। मृतका की पहचान रामजस दास की पत्नी गोलिया देवी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला शौच के लिए नदी किनारे गई थी, जहां गहरे पानी में डूबने से उनकी मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों ने जब नदी में शव देखा, तो तुरंत डुमरा थाना पुलिस को सूचित किया। थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।