वाल्मीकि नगर में तेंदुआ तार काटा में फंसा, बगहा में वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू, देखने के लिए लगी लोगों की भीड़

वाल्मीकि,08 फ़रवरी 2025 : टाइगर रिज़र्व (VTR) के जंगलों से भटककर एक घायल तेंदुआ बगहा के नरवल बोरवल पंचायत स्थित पीपरा गांव में पहुंच गया। खेत की सुरक्षा के लिए लगी तार-बाड़ में फंसे इस तेंदुए को वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू किया। समय रहते बचाव अभियान चलाने से किसी भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

बता दें कि शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने खेत से तेंदुए की दहाड़ सुनी और तुरंत इसकी सूचना VTR के बगहा रेंजर सुनील कुमार को दी। वन विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और विशेषज्ञों की मदद से तेंदुए को ट्रैंकुलाइज किया गया।

वनकर्मियों ने पहले यह सुनिश्चित किया कि तेंदुआ पूरी तरह बेहोश हो चुका है। इसके लिए लकड़ी के डंडे से उसकी प्रतिक्रिया जांची गई। पूरी तरह बेहोशी की पुष्टि होने के बाद उसे जाल में लपेटकर रेस्क्यू किया गया।

3 घंटे तक चला ऑपरेशन

हरहा नदी तट के पास फंसे इस तेंदुए को बचाने में वन विभाग की टीम को करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तेंदुए का एक पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बता दें कि वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व में करीब 100 तेंदुए हैं, लेकिन हाल के वर्षों में मानवीय गतिविधियों और वन संपदा के नुकसान के कारण जंगली जानवर रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहे हैं। शिकार की तलाश में ये तेंदुए और बाघ अब खेतों और बस्तियों में भटकने लगे हैं, जिससे वन विभाग की चुनौतियां बढ़ रही हैं।

तेंदुए का इलाज जारी

बगहा रेंजर सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई। सफल रेस्क्यू के बाद तेंदुए का इलाज कराया जा रहा है। इलाज के बाद उसे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में छोड़ा जाएगा। वन विभाग की तत्परता से तेंदुए को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।