झारखंड ,05 फरवरी 2025 : झारखंड के गढ़वा जिले में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। भंडरिया स्थित टेनटांड़ गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी झुबली देवी और उसके प्रेमी संतोष कोरवा को गिरफ्तार कर लिया है।
टांगी से मार कर दी हत्या
जानकारी के मुताबिक झुबली देवी अपने प्रेमी संतोष कोरवा के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी। मृतक बिगन कोरवा को इसकी जानकारी मिली तो वह पत्नी की तलाश में जंगल पहुंच गया। वहां पत्नी को प्रेमी के साथ देखकर उनके बीच विवाद हो गया। इसी दौरान झुबली और संतोष ने मिलकर बिगन पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
हत्या के बाद दोनों आरोपी घर लौट आए और अगले दिन शव को झाड़ियों में छिपा दिया। दो दिनों तक बिगन के लापता रहने पर ग्रामीण उसे खोजने जंगल गए, जहां उन्हें खून के निशान मिले। आगे की तलाश में झाड़ियों से बिगन का शव बरामद हुआ।
दोनों ने अपना जुर्म कबूला
भंडरिया के थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। गांव वालों को पहले से ही झुबली और संतोष के अवैध संबंधों की जानकारी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।