कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर, 252 मरीजों का हुआ उपचार… – vedantsamachar.in

कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर, 252 मरीजों का हुआ उपचार…

कोरबा,20 अप्रैल (वेदांत समाचार)। स्वर्गीय पंडित विद्याधर शर्मा जी की पुण्यतिथि पर कोरबा में वृहद निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, शिव औषधालय, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि, महापौर संजू देवी सिंह राजपूत अध्यक्ष तथा पार्षद नरेंद्र देवांगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शुभारंभ भगवान परशुराम, भगवान धन्वंतरि एवं पंडित विद्याधर शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

शिविर में कुल 252 मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श व उपचार दिया गया। इसमें नेत्र, ईएनटी, दंत, चर्म, स्त्रीरोग, शिशुरोग सहित विभिन्न बीमारियों का इलाज किया गया। 117 लोगों की बीएमडी जांच, 72 की नेत्र जांच, 135 की शुगर और 63 की हीमोग्लोबिन जांच निःशुल्क की गई।

डॉ. नागेंद्र शर्मा ने आयुर्वेद को अपनाने पर जोर देते हुए इसे स्वस्थ जीवन का आधार बताया। महापौर ने “अच्छा स्वास्थ्य ही सच्चा धन” कहा, जबकि मंत्री देवांगन ने इसे जनसेवा का सराहनीय प्रयास बताया।

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, योग प्रशिक्षकों और सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। गर्मी से राहत के लिए शीतल पेय की भी व्यवस्था की गई। मरीजों ने एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलने पर संतोष जताया।