बाइक की डिक्की से कैश की चोरी दो मामलों में अज्ञात चोर 2.55 लाख ले भागे आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज…

रायगढ़,20 अप्रैल (वेदांत समाचार) : रायगढ़ जिला में बाइक की डिक्की को खोलकर अज्ञात चोरों ने ढाई लाख से अधिक रुपए की चोरी कर ली। दो अलग-अलग मामलों में बैंक से रुपए निकालकर ग्रामीण रास्ते में कुछ देर के लिए रूके थे। तभी अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पहली घटना में ग्राम गेरूपानी उरांवपारा का रहने वाला शिव प्रसाद भगत 37 साल शुक्रवार की सुबह अपने प्लेटिना वाहन से स्टेट बैंक लैलूंगा रुपए निकालने गया था।

स्टेट बैंक लैलूंगा से 2 लाख 15 हजार रुपये निकाला और प्लास्टिक में उसे डालकर पासबुक, चेकबुक, राशन कार्ड को मोटर सायकल की डिक्की में रखकर घर के लिए निकला। तभी रास्ते में टीव्हीएस शो रूम लैलूंगा से घरघोड़ा रोड में गैरेज के पास अपनी बाइक को बनवाने के लिए रूका था। बाइक में सुधार हो जाने के बाद उसका रुपये देने के लिए गैरेज अंदर गया और वापस आकर उसने अपनी बाइक की डिक्की को देखा तो वह खुला था और उसमें रखे 2 लाख 15 हजार रुपए, पासबुक, चेकबुक, राशन कार्ड नहीं था। मौका पाकर कोई अज्ञात चोर उसे चोरी कर ले गया। घटना के बाद उसने आसपास पतासाजी की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चलने पर रविवार को उसने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया।

जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। वहीं दूसरी मामले में ग्राम सिरकीनारा भुईंयापानी का रहने वाला धोबाई प्रसाद सिदार 71 साल खेती किसानी का काम करता है। जहां 2 जनवरी को वह अपैक्स बैंक रुपए निकालने के लिए पहुंचा था। बैंक से उसने 40 हजार रुपए निकाला और अपनी बाइक की डिक्की में रखकर घर वापस जाने के लिए निकला। रास्ते में बुधवारी बाजार लैलूंगा के यादव होटल के पास रूका और बाइक को खड़ी कर नास्ता करने होटल के भीतर गया। उसके कुछ देर बाद जब वह बाइक के पास पहुंचा, तो उसने देखा कि किसी अज्ञात चोर ने डिक्की से कैष को पार कर दिया है।

जिसके बाद वह आरोपी का पता तलाश कर रहा था, कुछ पता नहीं चलने पर उसने रविवार को लैलूंगा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि एसएसपी के निर्देशानुसार मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में पतासाजी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।