BILASPUR : पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

विनीत चौहान / बिलासपुर 15 जून (वेदांत समाचार)। सिरगिट्टी पुलिस ने पत्नी की हत्या करने के बाद तीन दिन से फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि हरदीकला टोना के पथरिया पारा में रहने वाला आरती दास वैष्णव 10 जून की रात अपनी पत्नी अनुसुइया बाई से मारपीट कर फरार हो गया था। मारपीट से घायल महिला को उसके बेटे चंद्रकुमार वैष्णव ने सिम्स पहुंचाया। सिम्स में डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर शव पुलिस के हवाले कर दिया।

इस पर पुलिस ने सिम्स पहुंचकर मृतक के बेटे चंद्रकुमार से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि आरती दास आए दिन शराब पीता था। इसके कारण पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता था। 10 जून की रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरती दास ने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी।

इससे महिला के सिर में गंभीर चोटे आई थी। इसके बाद पति फरार हो गया था। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित रेलवे स्टेशन के पास घूम रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया है।

चकमा देने भिखारियों के साथ रह रहा था
आरोपित की तलाश में पुलिस की टीम उसके संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है। इस दौरान पुलिस ने जिले के साथ ही जांजगीर और बलौदा बाजार जिले के 11 जगहों पर छापामार कार्रवाई की। इसके बाद भी उसका सुराग नहीं मिला। सोमवार की सुबह पता चला कि आरोपित रेलवे स्टेशन के पास घूम रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित आरती दास ने बताया कि फरारी के दौरान वह शहर में ही भिखारियों के साथ रह रहा था। उसने स्थाई डेरा बनाने के लिए जगह भी देख रखी थी।