रायपुर, 19 अप्रैल (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला की घर में जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतिका का नाम कुमारी साहू है। जानकारी के मुताबिक, घटना तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम लखना की है। 55 वर्षीय कुमारी साहू की घर के अंदर जली हुई हालत में लाश मिली।
पुलिस जांच में पता चला कि आज दोपहर महिला जब घर में थी, इसी दौरान घर के अंदर से चीखने की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग जब घर के पास पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था और महिला अंदर जल रही थी। ग्रामीण जैसे तैसे घर की छत पर पहुंचे और कमरे में जल रही आग को बुझाने की कोशिश करने लगे। मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन महिला बुरी तरह चल चुकी थी। आगजनी की घटना में उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को घर के अंदर से निकाला गया। महिला का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
