छत्तीसगढ़ : गृहमंत्री के रिश्तेदार ने की खुदकुशी,खेत में पेड़ से लटकी मिली लाश, कारण अज्ञात

दुर्ग। जिले में एक किसान ने खुदकुशी कर ली। उतई थाना क्षेत्र के मानिकचौरी गांव में किसान ने खेत में नीम के पेड़ से फांसी लगा ली। मृतक की पहचान 47 साल के कुबेर साहू के रूप में की गई। पुलिस व अन्य सूत्रों से जानकारी मिली है कि कुबेर साहू प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का रिश्तेदार था।

आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस


पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में अभी यह पता नहीं चला है कि कुबेर ने खुदकुशी क्यों की है? आखिर ऐसी क्या वजह थी कि उसने इतना पड़ा आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर हो गया। उतई पुलिस सारे तथ्यों पर बारीकी से जांच में जुट गई है।

उतई थाना प्रभारी नवि मोनिका पांडेय ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। परिजनों व अन्य लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जांच पड़ताल की जा रही है। आस-पास के लोगों और परिजन से जानकारी जुटाई जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि कुबेर साहू ने खेत में नीम के पेड़ सें फांसी लगाकर खुदकुशी की है, अपने साथ मोबाइल फोन भी नहीं रखा था। वह शनिवार को खेत के लिए बाइक से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रविवार सुबह किसी ने खेत में उसके शव को देखा, उसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।