छत्तीसगढ़ में 3500 से अधिक स्कूलों में प्राचार्य पद रिक्त, पदोन्नति की मांग

रायपुर, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति एवं व्याख्याता पदोन्नति संघर्ष मोर्चा और छत्तीसगढ़ राज्य सर्वशासकीय सेवक अधिकारी-कर्मचारी पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश के 3500 से अधिक शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्राचार्य पदों पर पदोन्नति की मांग की है।

प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से प्राचार्य पदों पर पदोन्नति नहीं हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की है कि पदोन्नति की प्रक्रिया को नगरीय निकाय चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले पूरा किया जाए।

इस मांग के समर्थन में दोनों संगठनों ने संचालक लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति से शासन को अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आएगा, क्योंकि पदोन्नति प्राप्त करने वाले व्याख्याता और प्रधान पाठक पहले से ही प्राचार्य पद का वेतन और पे स्केल प्राप्त कर रहे हैं।