जनजातीय गौरव माह: शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय में कार्यशाला आयोजित

कोरबा, 19 अक्टूबर। शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय, हरदीबाजार में जनजातीय गौरव माह के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत, ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान को प्रदर्शित करना था।

मुख्यातिथि बोधराम कंवर ने कहा, “जनजातीय समाज ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी विशिष्ट परंपराएं और संघर्ष हमारे देश को सशक्त बनाते हैं।”

राज्य युवा आयोग के पूर्व सदस्य रघुराज सिंह उइके ने कहा, “जनजातीय गौरव दिवस हमें अपने इतिहास के महान योद्धाओं को याद करने और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।”

कार्यक्रम में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और धरोहर को संरक्षित करने पर जोर दिया गया। किसान मोर्चे के जिलाध्यक्ष छोटेलाल ने कहा, “हमें जनजातीय समुदाय के विकास में अपना योगदान देना चाहिए और उनकी संस्कृति को सम्मान देना चाहिए।”

कार्यक्रम में जनजातीय नायकों की चित्र प्रदर्शनी, सुवा नृत्य और फिल्म आर.आर.आर. के गीत ‘कोमुराम भीमुड़ो’ का प्रदर्शन किया गया।