महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव का ऐलान, जाने कब पड़ेंगे वोट

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने 15 अक्टूबर 2024 को महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया। महाराष्ट्र में चुनाव एक चरण में संपन्न होगा और 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नामांकन के लिए 20 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। 29 अक्टूबर को नामांकन की आखिरी तिथि होगी। 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 4 नवंबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 23 नवंबर को मतगणना होगी।

इसी तरह झारखंड में चुनाव दो चरण में संपन्न होगा। पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिसमें से 1.29 करोड़ महिला और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है… झारखंड में 29,562 पोलिंग स्टेशन होंगे।

महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9.63 करोड़ है, जिनमें से 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 20.93 लाख है। महाराष्ट्र में 1,00,186 मतदान केंद्र हैं, इस बार भी हम PWD और महिलाओं द्वारा संचालित बूथ बनाएंगे।