विद्युत नगर काॅलोनी में उत्साह से मना विजयादशमी पर्व


जांजगीर, 13 अक्टूबर 2024-अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र के आवासीय काॅलोनी विद्युतनगर बसंतपुर में अन्याय एवं बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया। काॅलोनी के खेल मैदान पर 40 फीट ऊंचा रावण का पुतला जलाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य अभियंता एचएन कोसरिया ने विजयादशमी पर्व पर सभी को मिल-जुलकर सामाजिक समरसता के साथ एकजुट होकर रहने का संदेश दिया। रावण दहन के पूर्व काॅलोनी में बाजे-गाजे के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम एवं भ्राता श्री लक्ष्मण की झांकी निकाली गई।

मुख्य अभियंता एचएन कोसरिया एवं उनकी धर्मपत्नी शशि कोसरिया द्वारा प्रभु श्रीराम-लक्ष्मण की पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही मैदान पर आकर्षक आसमानी आतिशबाजी भी की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रवीण श्रीवास्तव एवं रूबी श्रीवास्तव, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एसडी द्विवेदी, आरके. साव, अधीक्षण अभियंता आरके. नायक एवं सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। विजयादशमी पर्व पर काॅलोनीवासियों के अतिरिक्त आसपास के ग्रामीण काफी संख्या में शामिल हुए।