दुर्गा विसर्जन में चैन स्नेचिंग: जशपुर पुलिस ने 10 महिलाओं को किया गिरफ्तार

जशपुर, 13 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जशपुर पुलिस ने दुर्गा विसर्जन के दौरान चैन स्नेचिंग करने वाली 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं कुसमी गिरोह की सदस्य हैं और त्यौहारिक सीजन में भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं का चैन स्नैचिंग करने का काम करती हैं।

दुर्गा विसर्जन के दौरान पत्थलगांव पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में बसंती (42), ललिता (23), बसंती (29), फूलसुंदरी (20), कबूतरी (40), राजमुनी (50), मति बाई (40), मिनी बाई (50), सुहाना बाई (25) और भारती गिरी (20) शामिल हैं।

सभी आरोपी बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र की निवासी हैं। पुलिस ने बस के माध्यम से भाग रही दो महिलाओं को बतौली से गिरफ्तार किया और 08 मंगलसूत्र बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ 304(2) भा.न्या.संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि आरोपियों का अपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने आस-पास संदेहियों/बाहरी व्यक्तियों के दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

इस मामले में एसडीओपी पत्थलगांव ध्रुवेश कुमार जायसवाल, निरीक्षक विनित पाण्डेय, स.उ.नि. खिरोवती बेहरा, प्र.आर. 49 मिथलेष यादव, म.आर. पुष्पा पैंकरा, म.आर. सीमा बाई, आर. 08 पदुम वर्मा, आर. तुलसी रात्रे का योगदान रहा है।

स्रोत: जशपुर पुलिस विभाग