परिवार से विवाद के बाद घर से निकली थी महिला, पांच वर्षीय बेटे के साथ नदी में मिला शव

  • परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

नौरोजाबाद। विवाद के बाद अपने बच्चे के साथ घर से निकली एक महिला और उसके बच्चे का शव जोहिला नदी में मिला है। महिला का शव गुरूवार को ग्राम सलैया टिकुरी टोला के पास जोहिला नदी में मिला, जबकि उसके मासूम बच्चे का शव एक दिन पहले शाम को ही जोहिला नदी में पंप हाउस के पास मिला था।

जानकारी के अनुसार उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के नगर परिषद नौरोजाबाद वार्ड नंबर चार के जोहिला नदी में बने पम्प हाउस के पास पांच वर्षीय बालक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मृतक बच्चे की पहचान अंकुश बैगा के रूप में हुई थी। शव मिलने की सूचना कुछ लोगों ने नौरोजाबाद थाने मे दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नौरोजाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मासूम के शव को पानी से निकाला। बालक के शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

विवाद के बाद से निकली

पुलिस ने बताया कि द्रोपती बैगा अपने पति को छोड़कर जीजा सियाराम बैगा के साथ रह रही थी। उनका एक 5 वर्षीय मृतक पुत्र अंकुश बैगा था। 7 अक्टूबर को रात में द्रोपती बैगा का किसी बात को लेकर घर में विवाद हो गया था। विवाद के बाद नाराज होकर 8 अक्टूकर की सुबह लगभग 5 बजे वह अपने पांच वर्षीय पुत्र अंकुश बैगा को लेकर घर से चली गई थी। उसके बाद पहले बेटे का शव तो नदी में मिल था। अब मां का शव भी मिल गया है।

नहीं दी गई थी थाने में सूचना

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ज़ब द्रोपती बाई बैगा और उसका पांच बर्षीय पुत्र अंकुश बैगा आठ अक्टूबर की सुबह पांच बजे से लापता थे, तो स्वजनों के द्वारा इनकी गुमशुदगी की सूचना नौरोजाबाद थाने मे क्यों दर्ज नहीं कराई गई थी? इस मामले को लेकर पुलिस स्वजनों से पूछताछ कर रही है।