बालको नगर में नवरात्रि महोत्सव की धूम, दुर्गा पंडाल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कोरबा,09 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। नवरात्रि के अवसर पर बालको नगर के सेक्टर-03 स्थित दुर्गा पंडाल में आदिशक्ति की स्थापना धूमधाम से की गई। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार सहित बालको परिवार के सदस्यों ने देवी दुर्गा की आराधना कर बालको की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।

बालको नगर वासियों ने बालको सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से स्थापित दुर्गा माता की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। दुर्गा पंडाल की उत्कृष्ट साज-सज्जा और देवी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में बालकोनगर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिक पहुंचे।

यह दुर्गा पंडाल लगभग 54 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है। समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

बालको सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष ने कहा, “हमें खुशी है कि हमारा समुदाय इस महोत्सव को इतने उत्साह से मना रहा है। यह हमारी संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।”