दंतैल हाथी का आतंक: कटघोरा वन मंडल में बस्ती पर धावा, महिला का घर तोड़ा, हजारों का नुकसान

कोरबा, 19 अप्रैल। (वेदांत समाचार) जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पसान रेंज के मेरउड़ पहाड़ से बीती रात एक दंतैल हाथी झुंड से बिछड़कर जटगा ग्राम पंचायत के बांधापारा बस्ती में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। अचानक हाथी के पहुंचने से बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे खदेड़ा, जिसके बाद वह जंगल के रास्ते केंदई रेंज की ओर बढ़ गया।

जानकारी के अनुसार कटघोरा वन मंडल में 49 हाथियों का दल पिछले कई दिनों से मेरउड़ पहाड़ पर डेरा डाले हुए है। पहाड़ पर बने नाले में पर्याप्त पानी और जंगल में भरपूर चारा होने के कारण हाथियों का झुंड नीचे नहीं उतर रहा है और रातभर पहाड़ पर ही विचरण कर रहा है। इसी बीच बीती रात एक दंतैल हाथी दल से अलग हो गया और पहाड़ से उतरकर पास की बस्ती में पहुंच गया।

बांधापारा बस्ती में घुसे हाथी ने कमियाबाई पति मोहितराम के घर को निशाना बनाते हुए उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखे धान और महुआ को भी खा गया और बिखेर दिया। घटना के बाद पीड़ित महिला बेघर हो गई है। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाकर हाथी को खदेड़ने के बाद वह जंगल की ओर भाग गया और केंदई रेंज में प्रवेश कर गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला सुबह मौके पर पहुंचा और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथी के उत्पात से महिला को हजारों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। विभाग द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पीड़ित महिला को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की जाएगी।