फर्जी लोन दिलाने के नाम पर 27.50 लाख की ठगी: आदतन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

रायपुर, 18 अप्रैल (वेदांत समाचार)। राजधानी में फर्जी लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आदतन आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना पंडरी क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी कृष्णा राव की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी होरीलाल पंकज और उसके एक अन्य साथी ने लोन दिलाने का झांसा देकर प्रार्थी से नगद राशि और जरूरी दस्तावेज लिए। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी के नाम पर विभिन्न बैंकों से लगभग 27 लाख 50 हजार रुपये का लोन निकाल लिया और धोखाधड़ी कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना पंडरी पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की पतासाजी की और पूछताछ में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर 18 अप्रैल 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी होरीलाल पंकज के खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2017 में थाना कांकेर में उसके खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 34 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2023 में थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा में भी धोखाधड़ी का एक और प्रकरण दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और विवेचना की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी होरीलाल पंकज (36 वर्ष) रायपुर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-08 का निवासी है।

रायपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपने दस्तावेज या नगद राशि न दें। यदि किसी प्रकार की धोखाधड़ी की आशंका हो, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दें।