बिलासपुर, 18 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। जब्त गांजे की कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा कार, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट समेत कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 30 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को सूचना मिली थी कि कटघोरा से बिलासपुर की ओर एक कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेड़ीमुंडा के पास घेराबंदी की।
जांच के दौरान संदिग्ध मारुति अर्टिगा CG 04QD 7255 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से आरोपी अमित कुमार केवट (33), निवासी भुतहीटोला, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी नीरज शुक्ला (30), निवासी भदरा कालरी, जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
