ASI Suicide Breaking : एएसआई ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मार ली गोली

दिल्ली पुलिस के एक एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। उन्होंने सिविल लाइंस के बैरक में अपने कमरे में आत्महत्या की। बताया जा रहा है कि पारिवारिक समस्याओं के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने इसकी जानकारी परिजनों को दे दी है और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले विजय कुमार ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। वह सिविल लाइंस थाने में मालखाना के सरकारी संपत्ति के प्रभारी थे। सुबह 3 बजे उनके कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। विजय कुमार 1994 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच और एफएसएस रोहिणी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू परेशानी के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।