बड़ी खबर : स्कूल की दीवार ढहने से चार बच्चों की मौत, कई घायल, मचा हड़कंप…

रींवा, 03 अगस्त। जिले के गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ नईगढ़ी मोड़ पर स्थित निजी सनराइज पब्लिक स्कूल में एक बड़ा हादसा हो गया है। स्कूल की दीवार ढहने से 4 बच्चों की मौत हो गई है और कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना बरसात के मौसम के कारण हुई, जब दीवारों में नमी के कारण पुरानी दीवार धराशाई हो गई।

बता दें कि घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना दी गई। रींवा से पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर मौके पर पहुंच राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतक बच्चों के शव मलबे से बाहर निकाले गए और गंभीर रूप से घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव लाया गया है, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को रीवा संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है। हालांकि, इस घटना में कितने बच्चों की मौत हुई है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, चार बच्चों की मौत हो चुकी है और कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं।