चर्चा का विषय बना मामला : कूलर के सामने बैठने को लेकर हुआ विवाद, दुल्हन ने किया शादी से इनकार…दूल्हा समेत चार गिरफ्तार

बलिया के ही चितबड़ागांव में दुल्हन के बागी तेवर देखने को मिले। जिसका असर ये हुआ की बारात को बैरंग वापस लौटना पड़ा। थाना पुलिस हुआ सो अलग।घटना शुक्रवार की है। यूपी में बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के अन्तर्गत वैवाहिक कार्यक्रम था। यहां दूल्हा गया तो था बारात लेकर दुल्हन लेने ससुराल लेकिन वहां से सीधा सरकारी ससुराल पहुंच गया। मामला था मामूली था लेकिन बात बड़ी हो गई। दुल्हन ने भी शादी से इनकार कर दिया।

प्रदेश में चर्चा का विषय बना मामला

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात कूलर के सामने बैठने को लेकर बारातियों के विवाद करने के बाद दुल्हन के शादी से इनकार करने पर बारात बैरंग लौट गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दूल्हे सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

पुलिस के अनुसार जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के चितबड़ा गांव में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह में कूलर के सामने बैठने को लेकर बारातियों द्वारा विवाद कर लिया गया। पहले कहासुनी हुई उसके बाद मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इस घटना के बाद दुल्हन प्रतिभा गुप्ता नाराज हो गई और उसने शादी से इनकार दिया, और फिर दोनों पक्षों में भारी विवाद हो गया। जिसके बाद थाना पुलिस की नौबत आ गई।

दूल्हे समेत चार गिरफ्तार

थाना प्रभारी प्रशांत चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों के काफी प्रयास के बावजूद दुल्हन शादी करने के लिए तैयार नहीं हुई। पुलिस ने इस मामले में दूल्हा हुकुम चंद जायसवाल, उसके बहनोई पंकज जायसवाल के साथ ही दुल्हन के पिता नन्द जी गुप्ता और उसके भाई राजेश गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 126 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।