रायगढ़: जहर से नहीं गई जान तो अस्पताल में लगा ली फांसी, 3 दिन पहले पति ने किया था सुसाइड; बर्दाश्त नहीं कर सकी गम

रायगढ़, 1 जून 2024। जिले में गुरूवार को एक महिला ने जहर खा लिया। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जब जहर से उसकी मौत नहीं हुई तो उसने अस्पताल के बाथरूम सावर में फांसी लगाकर जान दे दी। पूरा मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक पुसौर ब्लॉक के ग्राम छिछोर की रहने वाली दीपिका सारथी (20) को उसके परिजनों ने जहर खाने के बाद 27 मई की शाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया था, जहां उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज से उसकी जान बच गई।

वहीं गुरूवार देर रात रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाथरूम में जाकर फांसी लगा ली। सुबह मामले की जानकारी परिजनों और अन्य लोगों को दी गई। वहीं सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि जांजगीर चांपा जिले के सिलादेही बिर्रा निवासी समीर सारथी का विवाह पुसौर ब्लॉक के छिछोर उमरिया गांव निवासी दीपिका से हुआ था। महिला के पति समीर सारथी ने 27 मई की सुबह अज्ञात कारणों से अपने ससुराल में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह अपने पति की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी दोनों की मौत अज्ञात कारणों से हुई है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।