CG News :मधुमक्खियों के हमले से महिला की मौत, महिला के पति सहित अन्य लोग भी घायल….

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी,27 मार्च । मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मधुमक्खियों के हमले से एक महिला की मौत हो गई। वहीं महिला के पति सहित अन्य लोगों को भी मधुमक्खियों ने काटकर घायल कर दिया। महिला की मौत से गोदरीपारा मोहल्ले में शोक की लहर है। मोहल्ले में मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं। जानकारी के मुताबिक, चिरमिरी के गोदरीपारा बी. टाइप कालोनी निवासी कमलेश की पत्नी माला (42) मंगलवार सुबह कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए छत पर गई थी। छत पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के डंक मारने से माला की चीखने लगी। चीख-पुकार सुनकर कमलेश छत पर पहुंचे। उन्हें भी मधुमक्खियों ने काट लिया।

उनके अलावा मोहल्ले के अन्य कई लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया। मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल माला को करीब 200 मीटर दूरी पर स्थित रीजनल हॉस्पिटल ले जाया गया। उपचार के दौरान माला की मौत हो गई। मधुमक्खियों के डंक मारने से घायल कमलेश और अन्य लोगों की हालत सामान्य बताई गई है। गोदरीपारा के बी. टाइप कालोनी में पीपल के पेड़ों में मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं। आशंका है कि चिडिय़ों के चोंच मारने या किसी कारण से मधुमक्खी भड़क गए थे।

यह भी पढ़े : KORBA :नव विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, शादी के 8 महीने बाद उठाया खौफनाक कदम

बताया गया है कि मधमक्खियों के हमले में मृत महिला माला को पूर्व में बीमारियां थीं, जिनका उपचार चल रहा था। इसके कारण वह पहले से कमजोर थी। मधुमक्खियों द्वारा अत्यधिक संख्या में डंक मार दिए जाने के कारण वह संभल नहीं पाई एवं उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद होली की खुशियां मातम में बदल गई है। गोदरीपारा बी.टाइप कालोनी में पेड़ों में कई छत्ते लगे होने से उनके भड़कने और हमले की आशंका हमेशा बनी रहती है।