शासन के सभी अंग सुशासन का प्रतीक बनें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि शासन के सभी अंग सुशासन का प्रतीक बनें। चल संपत्ति के क्रय-विक्रय में रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण की व्यवस्था और मकानों के नक्शे पास करने की प्रक्रिया के सरलीकरण जैसे कदम जनता की सुविधा के लिए उठाए गए हैं। देश की रक्षा में लगे सैनिकों और कानून व्यवस्था बनाए रखने को समर्पित पुलिस जवानों के जीवन की चिंता करना राज्य सरकार का कर्तव्य है। राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है। शासकीय सेवा में नवनियुक्त अभ्यर्थियों से बहुत अपेक्षाएं हैं। प्रदेश में बढ़ रही सिंचाई सुविधाएं और पेयजल आपूर्ति से बुंदेलखंड और चंबल क्षेत्र के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक हजार नवनियुक्त अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण, केन-बेतवा और पार्वती काली सिंध चंबल परियोजना, जल कलश यात्रा के शुभारंभ तथा पुलिस कर्मियों को आउट आफ टर्न प्रमोशन के लिए आयोजित यह कार्यक्रम त्रिवेणी के समान है, और तीनों का लक्ष्य जन कल्याण तथा प्रदेश का विकास है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला,जल संसाधन मंत्री  तुलसी सिलावट, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सांसद वी.डी. शर्मा, अपर मुख्य सचिव जल संसाधन डॉ. राजेश राजौरा उपस्थित थे।