KORBA : डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, गेवरा का 10वीं बोर्ड परिणाम उत्कृष्ट, पार्थ सिंह बने टॉपर…

कोरबा, 16 अप्रैल(वेदांत समाचार)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, गेवरा ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत शानदार रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक अर्जित कर स्कूल का नाम गौरवान्वित किया।

विद्यालय के कुल 101 विद्यार्थियों में से 14 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। पार्थ सिंह ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। शेखर वर्मा ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रतीक्षा बरेठ ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान हासिल किया।

विशेष उपलब्धि के रूप में संस्कृत विषय में 5 विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। वहीं गणित एवं कंप्यूटर साइंस में 2-2 तथा सामाजिक विज्ञान में 1 विद्यार्थी ने शत-प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विद्यालय के क्षेत्रीय निदेशक प्रशांत कुमार, मैनेजर सी.एम. पांडेय एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। प्राचार्य टी.पी. राव ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस उत्कृष्ट परिणाम ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, गेवरा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।