कांग्रेस को झटका देते हुए अर्जुन मोढवाडिया ने थामा बीजेपी का दामन…

अहमदाबाद । गुजरात में कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे अर्जुन मोढवाडिया अब भाजपा का हिस्सा बन गए हैं। मोढवाडिया ने मंगलवार को ही भाजपा का दामन थामा। उनके साथ-साथ कांग्रेस के दो और बड़े चेहरे भाजपा में शामिल हो गए। इनमें पूर्व विधायक अंबरीश ढेर और मुलुभाई कंडेरिया भी शामिल हैं।

बता दें कि मोढवाडिया गुजरात के सबसे वरिष्ठ और प्रभावशाली विपक्षी नेताओं में से एक रहे हैं। उन्होंने 2022 के चुनावों में पोरबंदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के दिग्गज नेता बाबू बोखिरिया को हराया था। उनका यह कदम तब आया है जब सात मार्च को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुजरात में प्रवेश करने वाली है।

बताया जाता है कि करीब 40 वर्षों तक पार्टी के साथ जुड़े रहे मोढवाडिया पार्टी नेतृत्व की तरफ से राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता ठुकराए जाने से आहत थे। मोढवाडिया गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। वे वर्तमान में पोरबंदर से कांग्रेस विधायक थे।