घर में नई दुल्हन का हो रहा था इंतजार, घर के छोटे बेटे का पहुंचा शव

शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र में एक घर की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में नई दुल्हन का इंतजार हो रहा था वहां पर घर के छोटे बेटे का शव पहुंचा। मृतक का भाई जिस गाड़ी से दुल्हन को लेने के लिए गया था उसी से अपने भाई के शव को लेने के लिए पहुंचा। जानकारी के अनुसार देहात थाना क्षेत्र के कुलवारा गांव के विक्रम कुशवाह की 2 मार्च को शादी थी जिसके चलते पूरा परिवार बारात लेकर दुल्हन को लेने गया था। शनिवार को शादी धूमधाम से हुई। शादी के बाद रविवार सुबह दुल्हन की विदाई की गई।

पूरा परिवार दुल्हन को घर लाने के लिए निकला था। दहेज में मिले सामान को लेकर विक्रम का छोटा भाई अभिषेक पुत्र पातीराम कुशवाह उम्र 16 साल आटो से वापस लौट रहा था। तब ही रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सेसई के पास अचानक उसका सामान से भरे आटा का टायर फट गया और आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे अभिषेक आटा के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई।