CG NEWS : धमधा में महिला पर सूदखोरी-चेक दुरुपयोग का केस 20 हजार के कर्ज पर 1 लाख का खेल… – vedantsamachar.in

CG NEWS : धमधा में महिला पर सूदखोरी-चेक दुरुपयोग का केस 20 हजार के कर्ज पर 1 लाख का खेल…

दुर्ग, 16 अप्रैल(वेदांत समाचार): दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र में सूदखोरी और चेक के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। पुलिस ने गंडई निवासी शोभा केशकर उर्फ निशा (47) के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन पर मुसलमान पारा निवासी शहनाज बेगम (44) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शहनाज बेगम ने नवंबर 2023 में शोभा केशकर से 20 हजार रुपए उधार लिए थे। यह लेन-देन 10 प्रतिशत मासिक ब्याज दर पर हुआ था। सुरक्षा के तौर पर शहनाज ने बैंक ऑफ बड़ौदा का एक कोरा चेक भी आरोपी को सौंपा था। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने करीब 9 महीने तक हर माह 2000 रुपए ब्याज के रूप में चुकाए।

इस तरह मूल रकम से कहीं अधिक राशि चुकाने के बावजूद उनका कर्ज खत्म नहीं हुआ। आर्थिक तंगी के कारण जब शहनाज कुछ महीनों तक ब्याज नहीं दे पाईं, तो आरोपी ने उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। जनवरी 2025 में शहनाज के भाई सादिक रजा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने 25 हजार रुपए में पूरा लेन-देन खत्म करने की बात तय करवाई। पीड़िता ने कुल मिलाकर लगभग 43 हजार रुपए चुका दिए। इसके बावजूद आरोपी ने न तो चेक लौटाया और न ही लेन-देन समाप्त माना। शहनाज बेगम का आरोप है कि शोभा केशकर ने उनके दिए कोरे चेक का दुरुपयोग करते हुए उसमें 1 लाख रुपए की राशि भर दी।

चेक बाउंस होने के बाद कोर्ट के जरिए उन्हें नोटिस भेजा गया, जिससे उन पर मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ गया। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया यह मामला अवैध सूदखोरी, धमकी और जबरन वसूली से जुड़ा पाया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी कर रही है।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए धमधा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली) और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।