Korba News: कोरबा में अवैध रेत खनन पर बड़ा एक्शन, 14 जगह खनिज विभाग की छापेमारी, टीपर और ट्रैक्टर जब्त - vedantsamachar.in

Korba News: कोरबा में अवैध रेत खनन पर बड़ा एक्शन, 14 जगह खनिज विभाग की छापेमारी, टीपर और ट्रैक्टर जब्त

कोरबा, 27 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर गठित चार विशेष टीमों ने 14 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान बरमपुर और पाली क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक टीपर और एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को हरदीबाजार और पाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग की टीमों ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सरईसिंगार, कुचना मोड़, बरबसपुर, कटबिटला, भैसामुड़ा, राहड़ी, मुनगड़ी, आमाखोखरा, कसानिया, लखनपुर और धवईपुर समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों और खनिज परिवहन की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान बरमपुर और पाली में बिना वैध अनुमति के रेत का परिवहन करते पाए जाने पर एक टीपर और एक ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। खनिज विभाग ने दोनों वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है। विभाग लगातार ऐसे मामलों पर निगरानी रख रहा है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने साफ किया है कि अब अवैध खनन पर निगरानी और अधिक सख्त होगी। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों की मदद से भी निगरानी की जाएगी, ताकि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।