BREAKING:भाजपा विधायक ने पुलिस स्टेशन में शिवसेना नेता को गोलियां मारी

मुंबई। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी के नेता को भाजपा विधायक द्वारा गोली मारने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात ये है कि भाजपा विधायक ने पुलिस स्टेशन में शिवसेना नेता को गोलियां मारी। पुलिस ने इस मामले में भाजपा विधायक को हिरासत में ले लिया है। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था, जिसके चलते यह घटना घटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है मामला
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता महेश गायकवाड़ और कल्याण ईस्ट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ के बीच बीते कई दिनों से जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष बीती रात उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और तनातनी होने लगी। इसके बाद भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके सहयोगियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि एक तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं।

घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। साथ ही पुलिस ने गोलीबारी करने वाले भाजपा विधायक को हिरासत में ले लिया। शिवसेना नेता के शरीर से पांच गोलियां निकाली गई हैं, लेकिन अभी भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। भाजपा विधायक ने बताया कि महेश गायकवाड़ और उनके समर्थकों ने उनके बेटे के साथ बदतमीजी की थी, जिसके चलते उन्होंने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं।