MS Dhoni हुए फैंस के गुस्से का शिकार, रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं पहुंचने पर पूर्व भारतीय कप्तान की ट्रोलर्स ने लगाई लंका

अयोध्या में 22 जनवरी को पूरे धूमधाम से प्रभु श्री राम अपने मंदिर में विराज चुके हैं। पूरे देश में बीते दिन दिवाली का त्यौहार मनाया गया। घर में लोगों ने दीप जलाकर श्री राम का पूरे दिल से स्वागत किया। बता दें कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में कई हस्तियां पहुंची, जिसमें क्रिकेट जगत से महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, रवींद्र जडेजा कार्यक्रम का हिस्सा बने।

इन क्रिकेटर्स के अलावा टीम इंडिया के स्टार विराट कोहली (Virat Kohli) और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को भी प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता मिला था, लेकिन विराट और धोनी अयोध्या नहीं पहुंच पाए, जिससे फैंस काफी नाराज नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस ने ट्वीट कर धोनी के समारोह में नहीं पहुंचने पर अपनी भड़ास निकाली। आइए एक नजर डालते है फैंस द्वारा शेयर की गई प्रतिक्रियाएं पर।

अयोध्या नहीं पहुंचने पर फैंस के निशाने पर आए पूर्व भारतीय कप्तान MS धोनी

दरअसल, 15 जनवरी को पूर्व भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के आवास पर जाकर आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के झारखंड प्रांत सह कार्यवाह धनंजय कुमार और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण पत्र दिया था।

इस मौके पर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने निमंत्रण के लिए राममंदिर निर्माण ट्रस्ट और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था कि भगवान राम हमारी आस्था के केंद्रबिंदु हैं। उनके मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिलना उनके लिए गर्व की बात है, लेकिन इसके बावजूद वह अयोध्या नहीं पहुंचे, जो बात फैंस को बिल्कुल रास नहीं आई।